नारनौल। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री डॉ. राजवती यादव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 को तत्काल लागू करने की मांग की है। उन्होंने 21 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले "चलो संसद" अभियान की तैयारियों के लिए महिलाओं के साथ बैठक की। बैठक में महिलाओं ने प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड, मिस्ड कॉल और हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया। महिलाओं ने संसद से पारित महिला आरक्षण कानून को बिना देरी के लागू करने की मांग उठाई। डॉ. राजवती ने कहा कि देश की आधी आबादी को उसका सांविधानिक अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व अब और नहीं रोका जा सकता। उन्होंने कहा कि यह सरकार का उपकार नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र के प्रति उसकी जवाबदेही है। महिलाओं को जागरूक करने का अभियान डॉ. राजवती ने बताया कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी के नेतृत्व में महिलाओं को जागरूक करने का अभियान चल रहा है। इसी अभियान के तहत 21 जुलाई को जंतर-मंतर पर हजारों महिलाएं अपनी आवाज बुलंद करेंगी। महेंद्रगढ़ जिले से भी बड़ी संख्या में महिलाएं दिल्ली जाएंगी। वे नारी वंदन अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग उठाएंगी। डॉ. राजवती ने सभी महिलाओं और नागरिकों से इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में मोनिका और संतोष सहित महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।