संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। नांगल चौधरी में आयोजित समाधान शिविर में 20 नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। एसडीएम उदय सिंह की अध्यक्षता में हुए इस शिविर में हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (पीपीपी) के स्टेट कोऑर्डिनेटर सतीश खोला भी उपस्थित रहे। सतीश खोला ने नागरिकों से सरकारी योजनाओं के लाभ पर प्रतिक्रिया ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह की मंशा है कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर हो। इससे कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। शिविर में परिवार पहचान पत्र में त्रुटियां ठीक करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन शुरू करने, आय प्रमाण पत्र जारी करने और नए राशन कार्ड बनाने जैसे मामले सामने आए। बिजली कनेक्शन मैपिंग और अन्य प्रशासनिक सेवाओं से संबंधित शिकायतें भी मिलीं। सतीश खोला ने अधिकारियों के साथ मिलकर इन मामलों पर तुरंत कार्रवाई की।