क्षेत्र के गांव नलवाटी में नहर निर्माण और उसमें नियमित रूप से पानी छोड़े जाने की मांग अब जोर पकड़ती जा रही है। नांगल चौधरी की विधायक मंजू चौधरी ने सदन के भीतर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया हैं। विधायक ने मांग रखी कि नलवाटी में नई नहर खुदवाई जाए, ताकि क्षेत्र को स्थायी सिंचाई सुविधा मिल सके। उन्होंने तर्क दिया कि राज्य के अन्य हिस्सों में नहरों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंच रहा है, लेकिन नलवाटी अब भी इस मूलभूत सुविधा से वंचित है। इससे फसलों की पैदावार प्रभावित होती है और किसानों की आय पर सीधा असर पड़ता है। सरकार से मांग की गई कि संबंधित विभाग को शीघ्र सर्वे कराकर नहर निर्माण की योजना तैयार करने के निर्देश दिए जाएं और बजट में इसके लिए विशेष प्रावधान किया जाए। जिस पर सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि नांगल चौधरी क्षेत्र में नहरों का काम लगभग पूरा हो चुका है। नहरी पानी से गांवों के जोहड़ और खेती के लिए पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि 36 करोड़ रुपये की लागत से पांच स्टोरेज वाटर टैंक का निर्माण किया गया है। वहीं, एक करोड़ रुपये की लागत से 36 तालाबों को नहरों से जोड़ा गया है। अटल भूजल योजना के तहत वहां पर काफी काम हो चुका हैं।