उपमंडल प्रशासन की ओर से शहर के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और सुबह 9 बजे राष्ट्रीय गान के साथ ध्वजारोहण किया। इसके बाद सुबह 9:05 बजे सलामी व परेड का निरीक्षण किया गया। अतिथि विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि स्वतंंत्रता दिवस केवल खुशी मनाने का दिन ही नहीं बल्कि देश को आजादी दिलाने वाले महान सेनानियों को याद करने और हमारी एकता को मजबूत करने का दिन है। इस दिन हमें एकता और अखंडता के साथ किए गए कार्यों को भी याद करना चाहिए और जहां भी हमें अपनी एकता पर संदेह हो उसे सुधारना चाहिए। हमारी एकता व अखंडता ही इस दिन की मूल पहचान है। हमारे सेनानियों ने एकजुट होकर देश को आजादी दिलाई और उनकी बदौलत खुशी से हम कार्यक्रम मना पा रहे हैं।