केन्द्रीय श्रमिक संगठन एआईयूटीयूसी के आह्वान पर जिला महेन्द्रगढ़ कमेटी की ओर से शनिवार को पुराना लघु सचिवालय पार्क में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईएमटी मानेसर, गुरुग्राम, फरीदाबाद व पलवल के औद्योगिक क्षेत्रों के मजदूरों की मांगों के समर्थन में एकजुटता और भाईचारे का संदेश दिया गया। इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर मजदूरों पर कथित पुलिस दमन बंद करने और लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई गई। बैठक में वक्ताओं ने औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों पर हो रही पुलिसिया कार्रवाई को लेकर कड़ा विरोध जताया। जिला प्रधान मास्टर सुबे सिंह और जिला सचिव छाजूराम रावत ने कहा कि मजदूरों की जायज मांगों को लेकर चल रहे आंदोलनों पर दमनात्मक कार्रवाई निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समाधान के बजाय दमनकारी तरीके अपनाकर मजदूरों में भय का माहौल बना रही है।