उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ के दिशा निर्देश पर रेलवे ने संरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य तथा ट्रेनों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए बीकानेर मंडल के किशनगढ़ बालावास स्टेशन पर महत्वपूर्ण रेल कार्यों का निष्पादन सफलतापूर्वक किया। किशनगढ़ बालावास स्टेशन से गुजरने वाली लंबी मालगाडियों के सुगमता के साथ संचालन के लिए 1873 मीटर लंबी लूप लाइन की स्थापना की गई है। किशनगढ़ बालावास स्टेशन पर यह कार्यं वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर के न्यू रेवाड़ी स्टेशन और रेवाड़ी-हिसार सेक्शन के बीच मालगाड़ियों के बेहतर हैंडलिंग में अहम भूमिका निभाएगा। स्टेशन पर इन अपग्रेडेशन से कोयला रेकों की बिजली संयंत्रों तक निर्बाध आवाजाही संभव होगी। इस लूप लाइन के निर्माण का उद्देश्य है कि अधिक लम्बाई वाली मालगाड़ियां (लांगहॉल ट्रेन) को यार्ड के ट्रैफिक मूवमेंट को बिना किसी बाधा के सीधे इस लूप लाइन पर लिया जा सक और रवाना किया जा सके। साथ ही वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के साथ इस लूप लाइन का सीधा कनेक्शन होने से भारतीय रेलवे नेटवर्क की ट्रेनों का आदान-प्रदान आसानी से हो सकेगा। स्टेशन पर डिस्ट्रीब्यूटेड इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली कमीशनिंग की गई है इसमें नई स्थापित इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली को सेन्ट्रलाइज सिस्टम के साथ कनेक्ट किया गया है । इस प्रणाली के फलस्वरूप स्टेशन पर सिगनल, पांइट, रूट, और ट्रैक सर्किट का तीव्र व संरक्षित प्रोसेसिंग संभव हो सकेगी। इन कार्यों के होने से स्टेशन से गुजरने वाली मालगाड़ियों के संचालन को नई गति मिलेगी।