फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नारनौल: अटल पार्क के निर्माण कार्य में अनियमितताओं को लेकर सीएम फ्लाइंग की जांच

शहर के रेवाड़ी रोड पर नगर परिषद द्वारा बनाया जा रहा अटल पार्क लंबे समय से अधूरा पड़ा होने के कारण चर्चा और विवाद का विषय बना हुआ है। सोमवार को इस पार्क के निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायतों के चलते रेवाड़ी की सीएम फ्लाइंग टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की। सीएम फ्लाइंग टीम पुलिस हाउसिंग बोर्ड के एसडीओ संजय कुमार के साथ सुबह करीब 10 बजे अटल पार्क पहुंची और शाम लगभग साढ़ चार बजे तक जांच करती रही। इस दौरान टीम ने पार्क में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और कई स्थानों से सैंपल भी एकत्रित किए। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। पार्क से लिए गए सैंपलों को आगे जांच के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गौरतलब है कि रेवाड़ी रोड पर बनने वाले इस अटल पार्क की घोषणा वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा की गई थी। इसके बाद वर्ष 2020 में निर्माण कार्य शुरू किया गया था। शुरुआत में कोरोना महामारी के कारण काम प्रभावित हुआ, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य रफ्तार नहीं पकड़ सका। करीब आठ साल बीत जाने के बावजूद पार्क का निर्माण अभी तक अधूरा पड़ा है। इस परियोजना के लिए कुल 2 करोड़ 68 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था, जिसमें से अब तक लगभग 1 करोड़ 38 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। हालांकि, जो कार्य किया गया था, वह भी लंबे समय से बंद पड़े होने के कारण अब बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। करीब आठ वर्षों से अधर में लटके इस प्रोजेक्ट को लेकर शहरवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि इतनी लंबी अवधि के बाद भी पार्क का निर्माण पूरा न होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। वहीं, अब सीएम फ्लाइंग टीम की जांच के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि निर्माण कार्य जल्द ही पारदर्शिता के साथ दोबारा शुरू होगा और शहर को एक बेहतर पार्क की सौगात मिल सकेगी। जांच के दौरान नगर परिषद के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें