गांव डेरोली जाट में पूर्व सरपंच के बेटे मुनीम सुशील के घर पर चार घंटे तक इनकम टैक्स की टीम ने जांच की। इसके बाद टीम वहां से चली गई। सुशील हैदराबाद में किसी कंपनी में मुनीम का काम करता था। वहां पर जिस कंपनी में काम करता था, उसमें इनकम टैक्स की रेड हुई थी। जिसके बाद इनकम टैक्स के डिप्टी डायरेक्टर रोहतक की टीम ने सुबह करीब 7 बजे डेरोली जाट गांव में पहुंची और जांच शुरू की। इनकम टैक्स के अधिकारियों के साथ पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। वहीं अधिकारी इस बारे में कुछ भी बोलने काे तैयार नहीं हैं। वहीं ग्रामीणों को जब इसका पता चला तो काफी संख्या में ग्रामीण भी वहां पर पहुंच गए। बता दें कि सुशील के पिता विष्णु शर्मा करीब 25 साल पहले गांव के सरपंच रहे हैं। उनके दो बेटे हैं, दोनों ही हैदराबाद में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उधर गांव के सरपंच प्रतिनिधि रणबीर ने बताया कि सुशील हैदराबाद में किसी कंपनी में काम करते हैं। वहां पर इनकम टैक्स ने छापेमारी की थी। इसमें सुशील के खातों से भी कोई लेन-देन मिला होगा। जिसके चलते अब रोहतक से आई टीम ने उनके घर छापेमारी की है।