नारनौल में पुलिस पब्लिक संवाद कार्यक्रम के तहत गांव निवाजनगर का पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने शुक्रवार को दौरा किया। पुलिस अधीक्षक का गांव निवाजनगर पहुंचने पर ग्राम पंचायत व गांव के मौजिज व्यक्तियों ने गुलदस्ता भेंट कर भव्य स्वागत किया। पुलिस अधीक्षक ने ग्राम वासियों का अभिनंदन कर गांव के सरपंच से गांव भौगोलिक, जनसंख्या और गांव में मौजूद सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गांव के लोगों से मुलाकात कर गांव के नागरिकों की सुरक्षा व पुलिस से संबंधित समस्याओं के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि आपकी जो भी समस्याएं हैं, उन्हें बताएं। पुलिस से संबंधित शिकायतों का तुरंत प्रभाव से निदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस पब्लिक के इस प्रकार संवाद से पुलिस पब्लिक का समन्वय बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। इसके साथ ही अपराध पर अंकुश, महिला सुरक्षा, नशे पर रोकथाम पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशीले पदार्थों का व्यापार करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थों की बरामदगी भी कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की सूचना भी पुलिस को दें जो शराब, नशे के आदी हैं। स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर उनका इलाज कराया जाएगा। ग्रामीणों से कहा कि जो नशा छोड़ने का इच्छुक है, उनके मोटीवेशन के लिए भी एक टीम बनाई हुई है। उन्होंने बताया कि महेंद्रगढ़ पुलिस द्वारा जिले के 80 गांवों में एसपीओ तैनात किए हैं, जो गांवों में नशा करने वालों की जानकारी एकत्रित कर खेल के माध्यम से उनको नशे से दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन गांव की ओर के तहत अधिकारियों द्वारा सीधे ग्रामीणों से संवाद से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस ने ग्राम प्रहरी स्कीम के तहत हर गांव में एक ग्राम प्रहरी और एक सहायक प्रहरी की तैनाती की हुई है। इसके साथ ही ऐसे शरारती तत्वों के बारे में जानकारी दें जो वारदात कर अपना स्थान बदल लेते हैं।