गांव जेरपुर ढाणी के पास शुक्रवार सुबह घर लौट रहे किसान को ट्रक ने कूचल दिया। मृतक की पहचान गांव जेरपुर निवासी भूपसिंह (50) के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने जाम लगा दिया और इसके बाद डीएसपी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। गांव निवासी सूबे सिंह ने बताया कि भूप सिंह खेती करता था और अपने बच्चों का पालन पोषण कर रहा था। शुक्रवार सुबह वह जेरपुर ढाणी स्थित खेत में काम के लिए गया था और इसके बाद 10 बजे घर लौट रहा था। जब वह घर से करीब 100 मीटर की दूरी पहुंचा तो क्रशर जोन की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने भूप को टक्कर मार दी। इसके बाद भूप नीचे गिर गया और डंपर का पहिया भूप चढ़ गया। इस दौरान भूप को गंभीर चोटें आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में आसपास के लोग एकत्र हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर माधोगढ़ चौकी पुलिस और डीएसपी दिनेश कुमार ने मौका मुआयाना किया। करीब आधे घंटे बाद डीएसपी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला और पुलिस ने शव कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की दो संतान हैं और दोनों ही अभी पढ़ाई कर रहे हैं। मृतक की पत्नी गृहिणी हैं और घर का सारा खर्च भूप सिंह ही चलाते थे। अब उनके जाने पर घर का सारा बोझ उनकी पत्नी पर आ गया है। फिलहाल पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और कार्रवाई जारी है।