अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बुधवार को गांव गुजरवास में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के लिए एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रीति यादव की स्वास्थ्य टीम ने 43 लोगों की बीपी, शुगर एवं खून इत्यादि की जांच की। शिविर में दवाइयां निशुल्क वितरित की गई। शिविर का शुभारंभ करते हुए सरपंच वर्षा रानी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अनमोल धरोहर हैं इसलिए उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच की जानी बहुत जरूरी है। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से की जा रही इस पहल का स्वागत करते हुए वर्षा रानी ने कहा कि स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन करना पुण्य का काम है। डॉ. प्रीति यादव ने कहा कि बारिश के मौसम में हमारे शरीर की पाचन शक्ति कम हो जाती है, इसलिए हमें हल्का फुल्का और ताजा भोजन लेना चाहिए। साथ ही फास्ट फूड से बचना चाहिए। बारिश के सीजन में मच्छरों के प्रकोप से मलेरिया व डेंगू इत्यादि बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए हमें अपने घरों के आसपास पानी का भराव नहीं होने देना चाहिए । इसके अतिरिक्त हमें समय समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच भी करवाते रहना चाहिए। इस अवसर पर सेंट जॉन ब्रिगेड ऑफिसर डॉ. सीएस वर्मा प्रभाकर, शिक्षाविद ओमप्रकाश चौहान, एएनएम पूजा, विकेश कुमार, आशा वर्कर हंसा वर्मा, सुशीला गोठवाल भी मौजूद रहे।