सरकार के आदेशानुसार जहां वन विभाग हर वर्ष पौधरोपण कर पर्यावरण को बढ़ावा देने का दावा कर रही है, वहीं कुछ लोग पेड़ उखाड़ने में तुले हुए हैं। अभी 6 महीने पहले नीरपुर राजपूत में खेल मैदान के निर्माण को लेकर उखाड़े गए पेड़ों का मामला शांत भी नहीं हुआ था। अब गांव तोबडा में दर्जनों पेड़ काटने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव तोबडा निवासी राजू जाट ने पेड़ों की कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए वन विभाग को शिकायत की। बताया जाता है की वन विभाग की टीम ने मौके का अवलोकन किया जहां पेड़ों को जेसीबी से उखाड़े गए मिले। गांव के एक युवक ने युवाओं के साथ मिलकर गांव में खेल मैदान बनाने के लिए साफ सफाई के साथ साथ हरे पेड़ों को भी उखाड़ डाला, जिस पर ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए वन विभाग को सुचित किया तथा हरियाली के दुश्मनों पर कार्रवाई करने की मांग की। वन राजिक अधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने दूरभाष पर पेड़ काटने की सूचना दी थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए मौके का अवलोकन किया गया, जहां 17 पेड़ जेसीबी से उखाड़े हुए मिले। गांव के मंजीत नामक युवक ने पेड़ काटने की बात को स्वीकार करते हुए बताया कि युवाओं को खेल मैदान की आवश्यकता थी, जिसके कारण पेड़ काटे गए हैं। लेकिन वन विभाग से अनुमति लेने के बारे में जानकारी नहीं थी। वन विभाग टीम ने 17 पेड़ों की पैमाइश करके जुर्माना राशि का चालान काट दिया है।