नारनौल के नजदीकी गांव रामबास में जमीन विवाद को लेकर रविवार शाम को फायरिंग हो गई। बताया जा रहा है कि दो गाड़ियों में सवार होकर आए व्यक्तियों ने फायरिंग की है। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। घटनास्थल पर डीएसपी भारत भूषण ने भी निरीक्षण किया। गांव रामबास निवासी वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके घर पर 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई। उ कहना है कि यह पूरा मामला पुराने जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। वीरेंद्र सिंह का आरोप है कि जमीन पर कब्जा लेने की नीयत से कुछ लोग खेत में पहुंचे थे। इसके बाद खड़ी सरसों की फसल को भी नुकसान पहुंचाया हैं। जब वे खेत पर मौजूद नहीं मिले तो आरोपी सीधे उनके घर पहुंच गए और वहां अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी भारत भूषण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायरिंग स्थल से खोखे व अन्य सबूत एकत्र किए। वीरेंद्र सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।