ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन (रजि. नं. 681) शाखा नारनौल के बैनर तले मंगलवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग डिवीजन नंबर-1 कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने दो घंटे तक शांतिपूर्वक धरना दिया। धरने की अध्यक्षता शाखा प्रधान दीपक शांडिल्य व जिला प्रधान सुभाष यादव ने की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के कारण जॉब सिक्योरिटी पोर्टल पर डेटा सत्यापन की अंतिम तिथि 25 अप्रैल गुजर जाने के बावजूद 309 में से 205 कर्मचारियों का डेटा डीडीओ स्तर पर सत्यापित नहीं हो सका। जबकि यूनियन की ओर से इस संबंध में कई बार मौखिक आग्रह करने के साथ 23 अप्रैल को लिखित पत्र देकर भी अधिकारियों को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे अब पोर्टल पर सत्यापन का विकल्प बंद हो गया है और कर्मचारियों का भविष्य अधर में लटक गया है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि एचकेआरएन कर्मचारियों की एक्सटेंशन 31 मार्च को समाप्त हो चुकी है, लेकिन समय रहते स्वीकृति नहीं भेजी गई। वहीं 31 दिसंबर 2025 की बैठक में बनी सहमति के बावजूद कर्मचारियों की अन्य मांगों का भी समाधान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में रोष है। धरने में तरुण यादव, कृष्णकांत, मनोज शर्मा, राकेश शर्मा, सुनील, पवन कुमार, शिव लाल, भूप सिंह और गोपी राम समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कर जल्द समाधान नहीं किया गया तो आगामी दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।