नारनौल में मुख्यमंत्री के निर्देश पर लगाए जा रहे समाधान शिविर की कड़ी में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। जिले में वीरवार को कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुई। डीसी ने सबसे पहले पिछले दिन समाधान शिविर में प्राप्त समस्याओं व शिकायतों की बारी-बारी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की पिछले दिन हुई कार्रवाई की हर रोज समीक्षा की जाएगी। ऐसे में अधिकारी हर शिकायत पर उसी दिन कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। इस मौके पर सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि समाधान सेवाओं का मुख्य मकसद आम नागरिकों की शिकायत सुनकर तुरंत सुनवाई करना है ताकि उन्हें बार-बार विभिन्न विभागों के अधिकारियों के पास न जाना पड़े। एक ही छत के नीचे सुनवाई से आम नागरिकों को काफी राहत मिली है। शहर में बंदरों से छुटकारा पाने के संबंध में आई शिकायत पर उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों से कहा कि इस संबंध में अधिकारी जल्द से जल्द कार्रवाई शुरू करें। उन्होंने कहा कि इस तरह हर रोज शिकायतों का तुरंत समाधान होने से नागरिकों में भी सरकार व जिला प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है। इस मौके पर एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह, नगराधीश मंजीत कुमार और डीएसपी सुरेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।