घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के कारण गांव बुचावास स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार श्याम सुंदर (38) निवासी चिड़ावा मंगलवार सुबह करीब दस बजे करौली गांव से बाइक पर सवार होकर अपने गांव चिड़ावा लौट रहे थे, इसी दौरान एक ट्रक की चपेट में आने से दुर्घटना हो गई। दुर्घटना में श्याम सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। वह किसी पारिवारिक कार्य से करौली गांव आए हुआ था। हादसे में श्याम सुंदर के पैर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। यह दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में कोहरा काफी अधिक था, जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही थी और दृश्यता बेहद कम थी।