नारनौल स्थित बाबा खेतानाथ सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय को 2025-26 सत्र के लिए राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग ने 100 सीटों पर दाखिले की अनुमति दे दी है। यह कॉलेज राज्य का एकमात्र सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज है, जो 100 बेड का है। गत वर्ष कठोर मानकों के कारण एनसीआईएसएम ने कॉलेज को केवल 30 सीटों की ही स्वीकृति दी थी। इस वर्ष अप्रैल माह में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने स्थानीय विधायक ओमप्रकाश यादव के सहयोग से कॉलेज के विकास की कमान संभाली। आयुष विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा के निर्देशन में कॉलेज में निरीक्षण से पहले 41 अध्यापकों को प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया। साथ ही विभाग को सभी मानकों का अनुपालन पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिसको लेकर 31 अक्तूबर को पत्र भी जारी कर दिया गया है। इस उपलब्धि से राज्य में आयुर्वेदिक शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिलेंगे। यह सफलता राज्य सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आयुष विभाग के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जिसने कॉलेज को राज्य में आयुर्वेदिक चिकित्सा का प्रमुख केंद्र बना दिया है। यह कोर्स साढ़े चार साल साल का है। साथ ही एक साल की इंटर्नशिप भी करनी पड़ती है। बता दें कि नारनौल में आयुर्वेदिक कॉलेज के साथ मेडिकल कॉलेज में भी इसी वर्ष से दाखिले शुरू हो गए हैं। प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास गुज्जरवार ने बताया कि सभी मामलों को तीव्र गति से निस्तारित करवाया, जिसके पश्चात एनसीआईएसएम की पहली रिपोर्ट में कॉलेज को 63 सीटों की अंतरिम मान्यता प्राप्त हुई। इसके बाद कॉलेज प्रशासन और आयुष विभाग ने सभी कमियों को अनुरूप नियामक संस्था को विस्तृत रूप में मजबूत जवाब प्रस्तुत किया। सरकार के प्रयासों को देखते हुए एनसीआईएसएम ने अंत में 100 सीटों की पूर्ण स्वीकृति प्रदान की।