नारनौल क्षेत्र में प्रदूषण स्तर में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जहां रविवार शाम 7 बजे तक 150 के पास एक्यूआई दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार सुबह 10 बजे 383 के पास एक्यूआई पहुंच गया है। बढ़ता प्रदूषण खासकर बुजुर्ग और छोटे बच्चों को परेशान कर रहा है। सोमवार सुबह से हल्की हवा भी चल रही है, जिससे लोग घरों में रहने के लिए मजबूर हो गए। सुबह से क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, ऐसे में वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दृश्यता कम होने की वजह से वह भी सुबह रेंग कर चलते दिखाई दिए। अचानक मौसम बदलने से छोटे बच्चों को भी स्कूल में जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।