कनीना उपमंडल के गांव पाथेड़ा निवासी 26 वर्षीय हरिओम की सोमवार को सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उन्हानी स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने फॉरेस्ट क्षेत्र में उस समय हुआ, जब वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिओम फॉरेस्ट विभाग में कार्यरत था और उसकी ड्यूटी भोजावास में आयोजित एसडीएम के जनसमस्या समाधान शिविर में लगाई गई थी। वह सुबह अपने घर से मोटरसाइकिल पर ड्यूटी के लिए निकला था। जैसे ही वह उन्हानी एचपी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कनीना फॉरेस्ट विभाग के सब इंस्पेक्टर तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।