श्री सतगुरू सेवा समिति की ओर से 25 वीं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शनिवार को शुभारंभ किया गया। कथा से पूर्व 201 महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। सुबह दस बजे श्रीरामलीला परिषद से कलश यात्रा शुरू होकर बालाजी चौक, सब्जी मंडी, परशुराम चौक, सब्जी मंडी, शंकर मार्केट, बालाजी चौक सिनेमा रोड से मसानी चौक होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में आचार्य कुटी श्रीधामवृंदावन से पधारे संत स्वामी श्रीरामप्रपन्नाचार्य महाराज कथा का रसपान कराएंगे। समिति के सदस्य सुरेश राजस्थानी व दलीप शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि श्रीमद् भागवत कथा इस बार स्थानीय श्रीरामलीला परिषद प्रांगण में होगी। कलश यात्रा में भाग लेने वाली महिलाओं को कूपन के आधार पर कलश वितरण किया गया। नौ अगस्त को हवन व प्रसाद वितरण के साथ कथा का समापन किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक कथा का रसपान कराया जाएगा।