भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को अपनी ऐतिहासिक राफेल उड़ान के दौरान हरियाणा के कुरुक्षेत्र के ऊपर से उड़ान भरते हुए देशवासियों को एक विशेष संदेश दिया। उड़ान के दौरान उन्होंने ब्रह्मसरोवर की पवित्र भूमि को निहारते हुए कहा कि “राफेल की इस उड़ान से मैं प्राचीन भूमि और ब्रह्मसरोवर को देख रही हूँ, जो हमारी सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक है।” राष्ट्रपति मुर्मू की यह उड़ान न केवल भारतीय वायुसेना के इतिहास में एक गौरवपूर्ण क्षण रही, बल्कि इसने देश की महिलाओं की शक्ति और नेतृत्व क्षमता को भी नई ऊंचाइयां दीं। कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर के ऊपर से गुजरते समय राष्ट्रपति ने कहा कि यह स्थान भारत की अध्यात्मिक विरासत और एकता का प्रतीक है। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि वे सांस्कृतिक विरासत की रक्षा और राष्ट्र की एकता के लिए मिलकर कार्य करें।