हरियाणा तालाब एवं अवशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन के प्रधान सलाहकार प्रभाकर कुमार वर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले के समानी गांव में तालाब को पर्यटन स्थल और बर्ड सेंचुरी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 3 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है। पहले चरण में हुआ अमृत प्लस प्लस तालाब का निर्माण प्रधान सलाहकार प्रभाकर कुमार वर्मा ने शुक्रवार को गांव समानी और झिरबड़ी के तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पहले चरण में गांव समानी में अमृत प्लस प्लस तालाब का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जिसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। दूसरे चरण में बनेगी बर्ड सेंचुरी प्रभाकर कुमार वर्मा ने बताया कि दूसरे चरण में समानी गांव के दूसरे तालाब को बर्ड सेंचुरी के रूप में विकसित किया जाएगा। यह परियोजना लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से पूरी होगी। इस तालाब के चारों ओर फलदार पेड़ लगाए जाएंगे और सोलर लाइट्स लगाई जाएंगी, जिससे रात में भी आकर्षक रोशनी बनी रहे। गंदे पानी की निकासी रोकने के निर्देश तालाब निरीक्षण के दौरान प्रधान सलाहकार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गंदे पानी की निकासी रोकी जाए और केवल ट्रीटमेंट के बाद ही पानी तालाब में डाला जाए। उन्होंने कहा कि तालाब की मिट्टी निकालकर चारों ओर फिरनी (मेड़) बनाई जाए और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए उचित प्रबंधन किया जाए। ग्रामीणों के लिए बैठने की व्यवस्था और ट्रैक का निर्माण प्रभाकर कुमार वर्मा ने कहा कि इस परियोजना के तहत तालाब के चारों ओर लोगों के लिए वॉकिंग और जॉगिंग ट्रैक बनाया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों के बैठने के लिए बेंच और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पर्यटन स्थल स्थानीय लोगों के लिए सैर-सपाटे का केंद्र बनेगा। पर्यटन की संभावनाओं को मिलेगा बढ़ावा उन्होंने बताया कि यह तालाब जीटी रोड (एनएच-44) के पास स्थित है, जिससे यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार की योजना है कि इस क्षेत्र को पर्यटकों के लिए आकर्षक केंद्र बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारी: इस मौके पर पंचायती राज विभाग के चीफ इंजीनियर यशवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता अमन, पौंड अथॉरिटी के अधिकारी आशुतोष, एसडीओ और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।