जिले में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) आयोजित होगी। परीक्षा में 1980 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शांति नगर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मथाना और यूआईईटी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शामिल हैं। परीक्षा दोपहर दो बजे शुरू होगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। वहीं परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने की सलाह दी है।