धर्म नगरी के पवित्र ब्रह्म सरोवर तट पर अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का कल वीरवार को शिल्प व सरस मेले के उद्घाटन के साथ आगाज होगा। सरस व शिल्प मेले का उद्घाटन राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय करेंगे जबकि इससे पहले सुबह के समय ही ब्रह्म सरोवर से गीता मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें हजारों पुरुष व महिलाएं शामिल होंगे। शिल्प व सरस मेले में एक दिन पहले ही विभिन्न राज्यों के शिल्पकार पहुंचने लगे हैं तो दुकान भी सजने लगी हैं। मेले में अच्छे कारोबार की उम्मीद से शिल्पकारों में उत्साह बना हुआ है। वही ब्रह्म सरोवर व आसपास के एरिया को पूरी तरह से सजा दिया गया है। गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 5 दिसंबर से 11 दिसंबर तक होंगे जिस दौरान सहभागी राज्य उड़ीसा व सहभागी देश तंजानिया के कलाकार भी अपनी अपनी संस्कृति की छाप छोड़ेंगे।