खराब फसलों की गिरदावरी कर सरकार द्वारा वेरीफिकेशन कर किसानों के मुआवजे को लेकर मंडल आयुक्त अंबाला संजीव वर्मा ने बुधवार को गांव दिवाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों की बाढ़ व फिजी वायर्स के कारण खराब हुई फसल का निरीक्षण कर उन्हें मुआवजा देने के बारे कहा गया। मंडल आयुक्त ने कहा कि गांव दिवाना में लगभग 2100 एकड़ किसानों की फसल खराब पाई गई। सरकार के निर्देशानुसार गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को खराब फसल पर उन्हें मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि फसल खराब होने की रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी। किसानों द्वारा क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपनी फसल के खराबे का पंजीकरण किया गया था, जिनकी पटवारियों द्वारा गिरदावरी लगभग पूरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार के नियमानुसार प्रभावित व पात्र किसानों को जल्द ही मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव दीवाना में भारी बारिश के कारण कई परिवारों के घरों का भी जो नुकसान हुआ है। मौके का मुआयना कर पटवारी द्वारा रिपोर्ट सरकार को भेज कर सरकार कि हिदायत अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला राजस्व अधिकारी चेतना चैधरी ने किसानों की समस्याओं के बारे में गहनता से मंडल आयुक्त को जानकारी दी। इस मौके पर नायब तहसीलदार पिहोवा सागर मल, कानूनगो राजकुमार, सुबोध कुमार, पटवारी जयपाल सिंह, गांव सरपंच दिवाना रामनाथ सैनी व गांव किसान मौजूद रहे।