हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर विभिन्न किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने झज्जर-गुरुग्राम रोड पर धरना दिया और विरोध प्रदर्शन किया। ये धरना प्रदर्शन रबी फसलों की खरीद पर लगाई गई बेतुकी शर्तों और नये नियमों के खिलाफ किया गया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए एसकेएम की नेशनल कॉर्डिनेशन कमेटी के सदस्य जयकरण मांडौठी, सुनील कुमार, दिलबाग दलाल ने कहा कि फसलों की खरीद पर लगाई गई शर्तों जैसे बायोमेट्रिक सत्यापन से किसानों को बड़ी परेशानी हो रही है। इन्हें तुरंत वापस लिया जाए। सतबीर सिंह माजरा तथा ममता कादियान ने बताया कि बीजेपी सरकार ने जो नई बायोमेट्रिक पहचान की शर्तें लागू की है वह किसान विरोधी हैं। सतबीर सिंह दहिया व जगबीर सिंह ने कहा कि नई शर्तों से फसल खरीद में देरी, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की ख़ामियाँ और तकनीकी दिक़्क़तों के कारण किसान बहुत परेशान हैं।