कपालमोचन मेले को लेकर धर्मनगरी ही नहीं आसपास के श्रद्वालुओं में भी उत्साह बना हुआ है, जिसके चलते बड़ी संख्या में नए बस अड्डे पर लोग पहुंचे। यहां उन्हें पहले ही दिन भारी परेशानी झेलनी पड़ी। घंटो भर तक बस की बाट जोहते रहे जबकि रोडवेज प्रशासन दस बसें मेले के लिए लगाए जाने का दावा करता रहा तो वहीं यह भी भरोसा दिया गया कि मेले में जाने वाले श्रद्वालुओं की संख्या ज्यादा होगी तो बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। श्रद्वालु मेले में जाने के लिए सुबह ही बस अड्डे पर पहुंचना शुरू हो गए थे। कुरुक्षेत्र ही नहीं कैथल व आसपास के श्रद्वालु भी यहां पहुंचे लेकिन उन्हें उस समय निराशा हुई जब सुबह के समय ही वे घंटों भर तक बस की इंतजार करते रहे। इस दौरान श्रद्वालुओं से चर्चा की तो उनमें गहरा रोष दिखाई दिया। दो घंटे में भी नहीं मिली बस नरवाना जिला जींद से आई महिला श्रद्वालु सोना देवी, सुनहरी आदि का कहना था कि वे दो घंटे से बस अड्डे पर खड़ी है लेकिन बस नहीं मिल पाई। उनसे पहले आए लोग भी अभी तक खड़े हैं। बस कितनी देर में आएगी, यह बताने वाला भी कोई नहीं है। हर 35 मिनट बाद चलाई गई बस : बहादुर सिंह निरिक्षक बहादुर सिंह का कहना है कि मेले के लिए 10 बसें चलाई गई हैं जो 30-35 मिनट के अंतराल में यहां से चलती रहेंगीं। श्रद्वालुओं की संख्या बढ़ेगी तो और भी बसें मेले के लिए चलाई जाएंगी। मेले के लिए विशेष कांउटर तक बनाया गया है। रोडवेज प्रशासन की ओर से श्रद्वालुओं को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।