उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड की 12 वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने द्रोणाचार्य स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और महिला वर्ग की रस्साकशी शामिल रही। महिला वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र सर्कल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि हैड ऑफिस पंचकूला की टीम को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। कबड्डी प्रतियोगिता में पंचकूला सर्कल की टीम ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। पानीपत की टीम ने दूसरा और झज्जर की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं बास्केटबॉल प्रतियोगिता में रोहतक की टीम ने बाजी मारी, सोनीपत दूसरे और हैड ऑफिस पंचकूला तीसरे स्थान पर रही। वॉलीबॉल मुकाबलों में यमुनानगर की टीम प्रथम रही, झज्जर ने दूसरा और करनाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। खेल विभाग के महासचिव गजेंद्र लांबा ने बताया कि यह तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता कर्मचारियों में आपसी भाईचारे, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 11 बिजली निगम सर्कल अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, यमुनानगर, पंचकूला, पानीपत और हैड ऑफिस के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।