बचपन में भाई के साथ गांव की गलियों में क्रिकेट खेलने वाली गगसीना गांव की बेटी सुमन संधू आज हरियाणा टीम का हिस्सा है। वह अभी तक जिले की इकलौती ऐसी महिला क्रिकेटर है जिसने यह मुकाम पाया है। हाल ही में वह बेंगलुरु के तिरुवनंतपुरम व गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित महिला टी20 अंडर 23 टूर्नामेंट में प्रतिभाग करके लाैटी है। उन्होंने इस टूर्नामेंट के लीग व नाॅक आउट मैच खेले और यहां आकर अनुभव साझा किए।उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में हरियाणा की टीम दिल्ली को हराकर विजयी रही। सुमन संधू ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उनका अनुभव काफी अच्छा रहा। कोच व युवा खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखने को मिला। वह सेमीफाइनल व फाइनल में प्लेइंग इलेवन में शामिल रही। उन्होंने बताया कि हरियाणा की टीम पांच लीग मैच जीतकर सेमीफाइनल से फाइनल में पहुंची। फाइनल मैच में हरियाणा की टीम ने दिल्ली की टीम को छह विकेट से मात देकर यह टूर्नामेंट अपने नाम की। सुमन ने बताया कि वह हर मैच में अपना 100 प्रतिशत देती है, उनका लक्ष्य अपनी टीम को बेहतर स्कोर देना और टीम के लिए कम से कम रन देकर ज्यादा विकेट लेना रहता है। इस ऑल राउंडर खिलाड़ी ने मेहनत के दम पर ऐसा मुकाम पाया है जिस से प्रेरणा लेकर हर युवा क्रिकेटर कामयाब हो सकता है। सुमन का खेल के प्रति समर्पण व मैदान में अनुशासन युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। सुमन ने बताया कि सही दिशा व दशा में किया गया प्रयास कभी विफल नहीं जाता, एक न एक दिन सफलता जरूर मिलती है।वह वर्तमान में निशान पब्लिक स्कूल की क्रिकेट अकादमी में कोच उधम सिंह राणा के मार्गदर्शन में तीन साल से क्रिकेट का अभ्यास कर रही है। सुमन संधू की उपलब्धियां - तीन बार क्रिकेट के राज्य स्तरीय शिविर के लिए चयन हुआ। - अकादमी प्रतियोगिता के दौरान 117 रन उन बेस्ट स्कोर रहा है। - अकादमी के विभिन्न मैचों में तीन बार पांच-पांच विकेट लिए है। - प्रदेशस्तरीय क्रिकेट टी 20 टूर्नामेंट में शामिल हुई।