हरियाणा के सहकारिता जेल एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार को प्रदेश में सबसे पहले सहकारी चीनी मिल करनाल में पेराई सत्र 2024 -25 की शुरुआत की। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पेराई सत्र के दौरान गन्ना को लेकर किसानों को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने यहां सबसे पहले यज्ञ में आहुतियां दी, इसके बाद क्रेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र की शुरुआत की। उन्होंने ने कहा सरकार किसान के हित में काम कर रही है। करनाल सरकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक हितेंद्र कुमार की कार्यशाली की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीकी क्षमता श्रेणी में चीनी मिल को पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, यह गौरव की बात है। तीन दिन के अंदर ही किसानों को गन्ने का भुगतान किया है। ऐसी व्यवस्था अन्य चीनी मिलों में भी लागू की जाएगी। आज से शुरुआत हुई है शीघ्र ही सभी चीनी मिले शुरू कर दी जाएगी।