करनाल/असंध। जयसिंहपुरा गांव के नजदीक 30 जुलाई की रात को पीछा करने के बाद कार पर फायरिंग पुरानी रंजिश में की थी। बुआ के बेटे को छोड़ने आए हैप्पी को बाजार में घूमता देख सक्रिय हो गए थे बदमाश, वारदात में प्रयुक्त क्रेटा बरामद वारदात के चार दिन बाद पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए मामले का खुलासा किया है। डीएसपी असंध गौरखपाल राणा ने बताया कि हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी अपने साथी तरूण के साथ मिलकर अपनी बुआ के बेटे गुरताज को असंध स्थित उसके घर छोड़ने गया था। तीनों कुछ देर तक असंध में ही घूमते रहे। इस दौरान उनकी अमृतपाल सिंह के साथी हरमन ने उनकी रेकी की। इसके बाद अमृतपाल और उसके सभी साथी सक्रिय हो गए और जयसिंहपुरा के पास रात करीब 10 बजे वारदात के अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि सीआईए प्रभारी सलिंद्र सिंह की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर असंध की नई अनाज मंडी क्षेत्र से डेरा पिंडोरिया निवासी अमृत विर्क, शेखपुरा निवासी एवं हाल किरायेदार कर्ण विहार निवासी अमृतपाल सिंह उर्फ हैप्पी, जनकपुरी निवासी गुरविंद्र सिंह उर्फ गुलाब सिंह, डेरा पिंडोरिया निवासी एवं इंद्रा कॉलोनी असंध किरायेदार हरमनदीप सिंह उर्फ हमु और गांव अरड़ाना निवासी मंदीप सिंह बाजवा को सोमवार की रात को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त क्रेटा गाड़ी भी बरामद हुई है। मंगलवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से अमृतपाल सिंह और गुरविंद्र सिंह को चार दिन व अन्य तीन को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। शूटर पाल विर्क और अन्य आरोपियों के बारे में पुलिस रिमांड के दौरान पता लगाएगी। ब्यूरो