करनाल।सावन माह के तीसरे सोमवार को नागपंचमी का विशेष और दुर्लभ संयोग रहने से करण नगरी करनाल शिवभक्ति में लीन नजर आई। सुबह से ही जिले के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने कतारों में लगकर पंचामृत स्नान के बाद शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और बेलपत्र, धतूरा, भांग व पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के प्राचीन शिव मंदिर सराफा बाजार, श्री कर्णेश्वर महादेव मंदिर, सेक्टर 13 के श्री गीता मंदिर के साथ सभी मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना का दौर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के साथ उनके आभूषण माने जाने वाले नाग देव की भी दूध, जल और अक्षत से विधिवत पूजा की।दिनभर मंदिरों में ओम नमः शिवाय' और 'हर-हर महादेव' के जयकारे गूंजते रहे।