भारतीय किसान यूनियन ने शहर के किसान भवन में एकत्र होकर किसान दिवस मनाया। इसके बाद यूनियन कार्यकर्ताओं ने संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के समर्थन और अन्य मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। भाकियू के किसान नेता सुबह 11 बजे ही किसान भवन में एकत्र हो गए थे। यहां से भाकियू जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह घुम्मन की अध्यक्षता मे किसान नेता जुलूस की शक्ल में किसान भवन से सरकार पुतला लेकर प्रदर्शन करते हुए गांधी चौक पहुंचे और नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान किसानों ने पांच सूत्रीय मांग-पत्र सिविल लाइन एसएचओ विष्णु मित्र को सौंपा। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री श्याम सिंह मान, कौर कमेटी चेयरमैन यशपाल राणा, उत्तरी हरियाणा प्रभारी महताब कादियान, जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान, जिला महासचिव सुरेंद्र बेनीवाल, करनाल ब्लॉक प्रधान राजकुमार, महेंद्र सिंह, रणबीर, रामफल नरवाल व शमशेर राणा मौजूद रहे।