करनाल। श्री गुरु रामदास महाराज जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार सुबह शहर में नगर कीर्तन निकाला गया। इस दौरान संगत ने गुरु महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए शबद कीर्तन किया और पालकी साहिब के साथ चलते हुए गुरु चरणों में शीश नवाया। नगर कीर्तन के दौरान पूरा वातावरण गुरबाणी के मधुर स्वर और बोले सो निहाल के जयकारों से भक्तिमय हो गया। गुरु नानक सेवा जत्था, पहली पातशाही मंजी साहिब गुरुद्वारा और गुरुद्वारा डेरा कारसेवा की ओर से संयुक्त रूप से गुरुद्वारा डेरा कारसेवा के प्रमुख एवं पंथ प्रचारक जत्थेदार बाबा सुक्खा सिंह के मार्गदर्शन में नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। सुबह गुरुद्वारा डेरा कारसेवा से फूलों से सजी पालकी साहिब सराफा बाजार पहुंची। यहां गाजे-बाजे के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पालकी साहिब में सुशोभित किया गया। हेड ग्रंथी अमृतपाल सिंह ने अरदास कर नगर कीर्तन का शुभारंभ करवाया। नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पालकी साहिब के आगे झाड़ू लगाकर मार्ग की सफाई की और पुष्प वर्षा कर पालकी साहिब का भव्य स्वागत किया। संगत ने ''धन धन रामदास गुरु, जिन सिरिआ तिनै सवारी'', ''गुरु रामदास रखो शरणाई'' सहित विभिन्न शबदों का गायन कर गुरु महिमा का बखान किया। वहीं सिख युवक-युवतियों ने गतका कला के हैरतअंगेज करतब दिखाकर संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगर कीर्तन में सरदार रतन सिंह, गुरुपर्व प्रबंधक कमेटी के प्रधान बरिंदर सिंह, महासचिव जत्थेदार इंद्रपाल सिंह, गुलाब सिंह मूनक, गुरु नानक सेवा जत्था के अमनदीप सिंह मिड्ढा, हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य अमृतपाल सिंह, गुरनाम सिंह लाडी, व्यवसायी गोल्डी खुराना, महासचिव हरप्रीत सिंह नरूला, ज्ञानी सूबा सिंह, एपीएस चोपड़ा, अमन मिड्ढा, राघव मिड्ढा, साहब सिंह, रक्षपाल सिंह, महाबीर सिंह और श्रीराम ज्वेलर्स के किशोर नागपाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इन मार्गों से निकला नगर कीर्तन नगर कीर्तन गुरुद्वारा मंजी साहिब, पहली पातशाही से शुरू होकर कर्ण गेट, कुंजपुरा रोड, अस्पताल चौक, निर्मल कुटिया चौक, कालड़ा मार्केट, सेक्टर-14, डीसी कॉलोनी, मेरठ रोड और महाराणा प्रताप चौक से होते हुए गुरुद्वारा डेरा कारसेवा पहुंचा, जहां नगर कीर्तन का विश्राम हुआ।