हरियाणा के सहकारिता, पर्यटन एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले 10 वर्षों के दौरान जिला कारागारों में काफी सुधार हुए हैं और बंदियों के लिए सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं तथा उन्हें परिवार जैसा माहौल दिया जा रहा है, ताकि फिर से वे समाज में सामान्य नागरिक की तरह अपना जीवन व्यतीत कर सकें। जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा शुक्रवार को जिला कारागार में आयोजित गीता पाठ कार्यक्रम के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भगवत गीता में हर समस्या का समाधान है। गीता ज्ञान से व्यक्ति अपने जीवन में बहुत बड़ा बदलाव ला सकता है। जिस प्रकार से अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मस्थली है, उसी प्रकार से भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र है। इस क्षेत्र का भी पर्यटन विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के लिए महाभारत सर्किट बनाने का कार्य शुरू किया गया है, ताकि देश-विदेश के श्रद्धालुओं को यहां के इतिहास की पूरी जानकारी मिल सके।