फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करनाल में भारत-पाक विभाजन विभीषिका की स्मृति में आयोजन, बुजुर्गों की कहानियों ने छुआ मन

राजघराना सभागार में जेबीडी कल्याण समिति द्वारा आयोजित भारत-पाक विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम में बुजुर्गों की दर्दनाक कहानियों ने उपस्थित लोगों के मन को झकझोर दिया। इस अनूठे आयोजन में विभाजन के साक्षी रहे 101 लोगों को सम्मानित किया गया। समिति ने घोषणा की कि आगामी 14 अगस्त को विभाजन की मार्मिक कहानियों पर आधारित नाटक का मंचन और एक विशेष स्मारिका का विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक प्रताप ने कहा कि विभाजन की त्रासदी से कई सबक मिले हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक क्षण के निर्णय का दंश पीढ़ियों तक भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया, ताकि अलगाववादी और अवसरवादी ताकतें पनप न सकें। अति विशिष्ट अतिथि नगर विधायक जगमोहन आनंद ने आयोजन की सराहना करते हुए जेबीडी कल्याण समिति के संस्थापक भारत भूषण कपूर को साधुवाद दिया। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विभाजन के दौरान मातृ शक्ति पर हुए अत्याचारों का उल्लेख कर उस दौर की भयावहता को याद किया। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य कपिल अत्रेजा ने अपने परिवार की स्मृतियों को साझा किया। वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. अशोक दिवाकर ने विभाजन की स्मृतियों को जीवित रखने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में सभी अतिथियों और साक्षीजनों को भारत भूषण कपूर ने सम्मानित किया। संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी पवन शर्मा ने किया। इस अवसर पर पूर्व उद्योग मंत्री शशिपाल मेहता, निफा के अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह पन्नू, प्रो. रामजी लाल, गोपाल राय, जसविंदर बेदी, नवीन दत्ता, अनीता शर्मा, अभि धीमान और वरुण शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें