अखिल भारतीय महापौर परिषद की साधारण सभा की वार्षिक बैठक और दो दिवसीय सम्मेलन बुधवार को करनाल में सम्पन्न हो गया। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। देशभर से आए महापौरों ने वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों की मांग उठाते हुए 74वें संविधान संशोधन को सभी राज्यों में पूर्ण रूप से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया। समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे सम्मेलन शहरों के विकास और स्वच्छता के मॉडल को साझा करने का मंच प्रदान करते हैं, जिससे महापौर एक-दूसरे से प्रेरणा लेकर अपने शहरों में विकास की गति को तेज कर सकते हैं। उन्होंने करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता को परिषद का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी और कहा कि उनके अनुभव और नेतृत्व से देशभर के शहरों में बेहतर विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।सम्मेलन में कई महापौरों ने अपने विचार रखे और शहरी विकास, स्वच्छता, और बुनियादी ढांचे पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए रेनू बाला गुप्ता ने समापन की घोषणा की और सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर विदाई दी। यह सम्मेलन शहरी विकास को नई दिशा देने और महापौरों के बीच सहयोग बढ़ाने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।