होली के बाद बासडे पर्व पर घर में सुख-शांति और समृद्धि के लिए शीतला माता की पूजा करने की परंपरा है। शुक्रवार को अलसुबह श्रद्धालुओं ने अमरगढ़ गामड़ी, चंदाना गेट और माता गेट स्थित शीतला माता मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। भक्तों ने मीठे चावलों, गुलगलों और अन्य पारंपरिक प्रसाद अर्पित कर माता का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर महिलाओं और बच्चों ने विशेष उत्साह के साथ भाग लिया। मंदिरों में भजन-कीर्तन गूंजते रहे और श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते नजर आए। मान्यता है कि इस दिन माता शीतला की पूजा करने से परिवार में रोग-व्याधियां दूर होती हैं और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इसके अलावा कई परिवारों ने घरों में भी परंपरागत रूप से शीतला माता की पूजा की और मीठे पकवान बनाकर प्रसाद चढ़ाया।