हरियाणा सरकार द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ऐतिहासिक यात्रा का कैथल जिले के धनौरी गांव में गुरुवार को अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। गांव की पावन धरती पर यात्रा पहुंचते ही वातावरण “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों से गूंज उठा। धनौरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, वरिष्ठ नेता अशोक गुर्जर, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कटवाड़, पूर्व विधायक लीलाराम के सुपुत्र मोहित, तथा गांव के सरपंच कपिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने यात्रा में शामिल पवित्र पालकी का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय संगत, स्कूलों के विद्यार्थी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने श्री गुरु तेग बहादुर जी की पालकी के समक्ष नतमस्तक होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और पुष्प वर्षा कर अपना सम्मान प्रकट किया। गांव में यात्रा के आगमन को लेकर एक विशेष आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह यात्रा गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, आदर्शों और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।