सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए उपयोगी होते हैं। इससे लोगों को अपने स्वास्थ्य के बारे में जानकारी मिलती है और समय पर इलाज संभव हो पाता है। कैथल में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप आयोजित करना का यही उद्देश्य है कि समाज स्वस्थ और स्वच्छ हो। हम सबको मिलकर मंदिर रूपी शरीर को स्वस्थ रखना है। मानवता की सेवा करना ही ईश्वर की पूजा करना है। समाज सेवा के कार्य में आगे बढ़चढ़ कर अपनी भागीदारी करें। वह रविवार को आरकेएसडी कॉलेज परिसर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष पर मेगा हेल्थ कैंप के दौरान उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले सांसद नवीन जिंदल ने मेगा हेल्थ कैंप का निरीक्षण किया और उपलब्ध करवाई गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं भी अपना स्वास्थ्य चेकअप करवाया। सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि इस मेगा हेल्थ कैंप में सामान्य चिकित्सा, सामान्य शल्य चिकित्सा, बाल रोग, मनोरोग, टी.बी. एवं छाती रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, स्तन कैंसर स्क्रीनिंग, एनीमिया जांच त्वचा एवं यौन रोग, फिजियोथेरेपी, डायटिशियन, हड्डी रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, कान-नाक-गला से संबंधित सभी प्रकार की जांच, परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई गई। अग्रोहा मेडिकल टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच की गई। इस मौके पर विधायक सतपाल जांबा, डीसी अपराजिता, बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, धर्मवीर सिंह, रविंद्र धीमान, संदीप ढुल मौजूद रहे। ---------- महिलाओं का समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि हमारे शरीर का स्वस्थ होना बहुत जरूरी है ताकि हम अपने कार्यों में अधिक गुणवत्ता ला सके। समय-समय पर अपने स्वास्थ्य का चेकअप करवाना भी जरूरी है। यदि पहले से ही हमें बीमारियों का पता चल जाता है तो डॉक्टरों की सलाह से हम समय पर अपना इलाज करवा सकते हैं और अपने आपको स्वस्थ रखते हैं। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि वे सुबह उठकर योग क्रियाएं जरूर करें। सैर करने से हमारा स्वास्थ्य स्वस्थ रहेगा और अपने परिजनों व बच्चों को भी स्वास्थ्य को स्वस्थ रखने दिशा में लेकर जाएं। सांसद ने मौके जिला कैथल में डीसी अपराजिता, बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी व अन्य महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का समाज के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही है।