कैथल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रबंधन संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में 4 प्रमुख पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस कर्मियों की चौबीसों घंटे ड्यूटी रहेगी। इसके अतिरिक्त 17 पुलिस राइडर लगातार गश्त करेंगे तथा 7 पेट्रोलिंग पार्टियां निर्धारित मार्गों पर सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करेंगी। प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों तथा कांवड़ यात्रा के रूटों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार कुछ स्थानों पर ट्रैफिक रूट डायवर्ट किए गए हैं तथा यातायात पुलिस को भी अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस द्वारा एक विशेष पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, सूचना अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर श्रद्धालु कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 74969-88595 पर संपर्क कर सकते हैं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। डीएसपी बीर भान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात संचालन को सुचारु रखने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।