खेल एवं युवा मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय कैथल में आयोजित 'विकसित भारत युवा संसद 2025' कार्यक्रम के दूसरे दिन कैथल और करनाल जिलों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन रविवार को हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' विषय पर अपने विचार रखे और भारत के विकास के लिए इसे महत्वपूर्ण बताया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भाम्भू ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए संसाधनों का सही दिशा में उपयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बार-बार चुनाव कराने से देश की आर्थिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर असर पड़ता है। चुनावों को एक तय समय पर और एक साथ संपन्न कराया जाए, तो इससे संसाधनों की बचत होगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी। प्रतिभागियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव न केवल आर्थिक बोझ बढ़ाते हैं, बल्कि शिक्षा, न्याय व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को भी प्रभावित करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि अगर चुनाव एक साथ हों, तो सरकारें ज्यादा स्थिरता और दीर्घकालिक योजनाओं पर ध्यान केंद्रित कर सकती हैं।