कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने शनिवार को अनाज मंडी का दौरा कर किसानों, मजदूरों और आढ़तियों से बातचीत की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि किसानों पर एक तरफ मौसम की मार है तो दूसरी तरफ सरकारी नीतियों का बोझ, जिससे हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार एमएसपी पर गेहूं और सरसों की खरीद को खत्म करने की साजिश रच रही हैं। उन्होंने कहा कि मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पोर्टल के नाम पर नई-नई पेचीदगियां, बायोमेट्रिक बाधाएं, ट्रैक्टर-ट्रॉली की फोटो अपलोड जैसी शर्तें लगाकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन नियमों से छोटे और सीमांत किसानों, पट्टेदार किसानों और मजदूरों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। सुरजेवाला ने आढ़तियों की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जहां 2.50 प्रतिशत आढ़त मिलती थी, वहीं अब इसे कम कर दिया गया है। उठान न होने से मंडियों में गेहूं का स्टॉक बढ़ता जा रहा है, जिससे जाम की स्थिति बन गई है और किसानों को भुगतान में भी देरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद के लिए अब तक टेंडर जारी नहीं किए गए हैं जबकि मंडियों में फसल की आवक तेजी से बढ़ रही है। बारदाने की भारी कमी और पोर्टल में डेटा गड़बड़ी जैसी समस्याएं भी किसानों के सामने खड़ी हैं। सुरजेवाला ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी किसानों और मजदूरों के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।