कैथल जिले में कैथल डिपो में बीएस-6 बसों की संख्या कम होने के बाद अब लंबे रूट भी प्रभावित होने लगे हैं। सबसे अधिक परेशानी इस समय दिल्ली रूट पर होने लगी है, क्योंकि दिल्ली जाने वाले बसों में करीब पांच टाइम मिस किए जाने लगे हैं। इसके साथ ही करनाल व रोहतक रूट पर भी पुरानी बसों को नहीं भेजा जा सकता है। यह जिले भी एनसीआर क्षेत्र के अधीन आने लगे हैं। इस कारण अब लंबे रूटों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। दरअसल, इस समय कैथल डिपो में सबसे अधिक टाइम दिल्ली रूट पर हैं। परंतु पिछले चार दिन पहले ही दूसरे जिलों से आई बीएस- तीन व चार तकनीक की बसों के सड़कों पर आने के बाद अब स्थानीय रूटों पर अधिक और लंबे रूटों पर बसों की संख्या कम हुई है। बता दें कि कैथल डिपो में बीएस-6 तकनीक की बजाय बीएस-तीन और चार तकनीक की बसें भेजने के बाद रोडवेज के कर्मियों में गहरा रोष व्याप्त है। रोडवेज कर्मियों का कहना है कि यह यात्रियों के साथ एक धोखा है।