कैथल में जिला परिषद अध्यक्ष के बाद अब सीवन ब्लॉक समिति अध्यक्ष की कुर्सी भी गिरा दी गई है। मंगलवार को खंड एवं पंचायत विकास अधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में पंचायत समिति के 16 में 13 सदस्य शामिल हुए थे। बता दें कि सदन की बैठक में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल होने वाली अध्यक्ष मनजीत कौर को हटा दिया गया है। वहीं, कांग्रेस में शामिल होने वाले जिला परिषद के अध्यक्ष दीप मलिक जाखौली की भी पिछले महीने ही जिला परिषद की कुर्सी गिराई गई थी। सदन की बैठक के दौरान बीडीपीओ कार्यालय में रहा भीड़ का माहौल रहा। पुलिस की टीमें भी मौजूद रही। सदन की बैठक के दौरान एडीसी दीपक बाबूलाल कारवा पहुंचे। उनकी अगुवाई में यह बैठक की गई। इस बैठक में पंचायत समिति के 16 सदस्यों में से 13 सदस्य मौके पर पहुंचे और अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया में भाग लिया। इसमें से 12 सदस्यों ने मौजूदा अध्यक्ष मनजीत कौर के खिलाफ मतदान किया। इस वोटिंग के आधार पर अविश्वास प्रस्ताव को पारित कर दिया गया और मनजीत कौर को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया।