राजकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की तरफ से एक दिवसीय शिविर का आयोजन हुआ। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य सत्यवान मलिक ने की। शिविर की शुरुआत एनएसएस गीत के सामूहिक गायन से की गई। इससे स्वयंसेवकों में सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रभाव की भावना का संचार हुआ।इसके उपरांत एनएसएस स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया। इसके बाद महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से प्लास्टिक मुक्त एवं पॉलीथीन मुक्त परिसर अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाते हुए प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी प्रदान की। शिविर के दौरान महाविद्यालय के तीन एनएसएस स्वयंसेवक, जो 17 से 20 फरवरी तक राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान क्षेत्रीय केंद्र, चंडीगढ़ में आयोजित नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास विषयक चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर लौटे थे। उन्होंने अपने प्रशिक्षण अनुभव अन्य स्वयंसेवकों के साथ साझा किए। उन्होंने नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना तथा सामुदायिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रस्तुत कीं, जिससे स्वयंसेवकों को प्रेरणा मिली। इसके पश्चात स्वयंसेवकों को एनएसएस कार्य डायरी के महत्व एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वयंसेवकों को महाविद्यालय में आयोजित होने वाली आगामी एथलेटिक मीट में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। इस दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अमन कुमार, रीतू, डॉ. सतीश मलिक, सोनू सिहाग, कमलजीत और छात्र मौजूद रहे।