जींद। शहर की शिव कॉलोनी में पुलिस खुफिया तंत्र में कार्यरत कर्मचारी के घर से महिलाओं ने चोरी कर ली। महिलाएं घर से करीब 60 से 70 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी कर ई-रिक्शा में बैठकर मौके से फरार हो गईं। करीब दस दिन पहले शिव कॉलोनी में दिनदहाड़े कुछ महिलाएं ई-रिक्शा से शिव कॉलोनी पहुंचीं। यह महिलाएं पुलिस के खुफिया तंत्र के कर्मचारी के घर में दाखिल हुईं, जिसका फिलहाल निर्माण चल रहा है। घर में मौजूद सामान पर हाथ साफ करने के बाद महिलाएं ई-रिक्शा में बैठकर वहां से निकल गईं। बाद में परिवार के सदस्यों को सामान गायब होने का पता चला। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 60-70 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि महिलाओं के ई-रिक्शा में आने और वहां से जाने की गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो सकती हैं। यदि पीड़ित की ओर से पुलिस को शिकायत दी जाती है तो पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर सकती है। हालांकि अभी तक पीड़ित कर्मचारी की ओर से पुलिस को मामले की कोई शिकायत नहीं दी गई है।