भारतीय किसान यूनियन का नई अनाज मंडी मार्केट कमेटी कार्यालय में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को 15वें दिन समाप्त कर दिया गया। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों के बीच पहुंचकर आंदोलन को अगले चरण में ले जाने का ऐलान किया और चंडीगढ़ में बड़ी महापंचायत करने की घोषणा की। किसान नेता राकेश टिकैत ने किसानों के बीच बैठकर उनका हौसला बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने धरना स्थल पर बनी 10 सदस्यीय कमेटी के साथ बंद कमरे में लगभग आधे घंटे तक रणनीतिक मंथन किया। बैठक के बाद मंच से संबोधित करते हुए टिकैत ने कहा कि अब समय आ गया है कि किसान अपने आंदोलन को और मजबूत करते हुए चंडीगढ़ की ओर कूच करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि महापंचायत की तिथि की औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी, जबकि संकेत देते हुए 27 मई को बड़ी बैठक का कोडवर्ड भी साझा किया। टिकैत ने किसानों को निर्देश दिए कि चंडीगढ़ कूच से पहले प्रदेश के सभी जिलों में बैठकें आयोजित कर रणनीति तैयार की जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इस आंदोलन से जुड़ सकें। टिकैत ने कहा कि यदि चंडीगढ़ जाते समय कहीं भी पुलिस किसानों को रोकती है तो किसान वहीं अपना डेरा डालकर धरना शुरू कर देंगे। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि किसानों की मांगों को लेकर संवाद की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा गया था, लेकिन उचित समय और स्थान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। इस अवसर पर भाकियू के जिलाध्यक्ष बिंद्र नंबरदार, महासचिव राजेंद्र पहलवान, रामराजी ढुल, सतेंद्र कोथ, गुरनाम, प्रकाश लोहान, जयबीर, जोगिंद्र नैन, अजमेर और सुरेश कोथ मौजूद रहे।