नरवाना। शुक्रवार रात से शुरू हुई बूंदाबांदी के बाद शनिवार को नरवाना शहर और आसपास के गांवों में जमकर बारिश हुई। तेज बारिश के कारण शहर और गांव डूमरखा कलां की कई गलियां पानी से लबालब हो गईं। गलियों में पानी नदियों की तरह बहता नजर आया। लगातार बारिश के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार रात से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। शनिवार सुबह करीब सात बजे अचानक तेज बारिश शुरू हुई। इसके बाद रुक-रुककर बारिश का दौर दोपहर करीब 3:30 बजे तक जारी रहा। करीब 4 बजे एक बार फिर मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते शहर और गांव की गलियों में पानी भर गया। बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। गलियों में पानी का बहाव इतना तेज था कि कई स्थानों पर लोगों को निकलने में परेशानी हुई। हालांकि बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं खेतों में धान की रोपाई कर चुके किसान इस बारिश को फसल के लिए फायदेमंद बता रहे हैं। किसानों का कहना है कि धान की फसल के लिए बारिश का पानी काफी लाभकारी है। इससे फसल की बढ़वार तेज होगी और पैदावार भी बेहतर होने की उम्मीद है। किसानों के अनुसार लगातार बारिश से खेतों में सिंचाई की जरूरत भी कम होगी।