क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। गांव डूमरखा कलां में करीब तीन बजे तेज मूसलाधार बारिश हुई, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। सुबह से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान थे, लेकिन बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को राहत मिली। सुबह से ही आसमान में बादल और धूप की आंख-मिचौली चलती रही। उमस के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। दोपहर करीब ढाई बजे मौसम का मिजाज बदलना शुरू हुआ। तेज हवाओं के साथ काले बादल छा गए और कुछ ही देर बाद डूमरखा कलां में जोरदार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से गलियों और सड़कों पर पानी भर गया। वहीं, डूमरखा कलां से सटे नरवाना शहर में भी बारिश हुई, लेकिन यहां वर्षा का असर अपेक्षाकृत कम रहा। शहर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम खुशनुमा हो गया। बारिश के बाद किसान भी खुश नजर आए। उनका कहना है कि इस समय हुई वर्षा धान सहित अन्य खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। हालांकि कुछ निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को हल्की परेशानी का सामना भी करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी क्षेत्र में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना बनी हुई है।